राजस्थान की हवा हुई जहरीली, गंगानगर–बीकानेर सबसे प्रदूषित, कई शहर गंभीर श्रेणी में
Bikaner News Technology

राजस्थान की हवा हुई जहरीली, गंगानगर–बीकानेर सबसे प्रदूषित, कई शहर गंभीर श्रेणी में

Jan 19, 2026
बीकानेर. प्रदेश के प्रमुख शहरों में आज वायु प्रदूषण ने चिंता बढ़ा दी है। राजस्थान के कई जिलों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बेहद खराब से लेकर गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया, जिससे आमजन के स्वास्थ्य पर सीधा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। खासकर उत्तर और पश्चिमी राजस्थान के शहरों में हालात सबसे ज्यादा खराब नजर आए।
आज जारी LIVE AQI आंकड़ों के अनुसार गंगानगर 489 और बीकानेर 431 AQI के साथ ‘गंभीर’ श्रेणी में रहे। वहीं भिवाड़ी (314), चूरू (282), अलवर (272) और जयपुर (251) में हवा ‘बहुत खराब’ स्तर पर दर्ज की गई। इसके अलावा उमर थाना का AQI 244, चितौड़गढ़ 225 और जोधपुर 204 रहा, जो स्वास्थ्य के लिहाज से सुरक्षित नहीं माना जाता।
विशेषज्ञों के मुताबिक बढ़ता प्रदूषण बच्चों, बुजुर्गों और दमा व हृदय रोग से पीड़ित लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। इतनी अधिक प्रदूषित हवा में सांस लेने से आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी, सिरदर्द और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
प्रदूषण बढ़ने के पीछे ठंड के मौसम में वाहनों का धुआं, औद्योगिक गतिविधियां, धूलकण और हवा की रफ्तार कम होना प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि जब तक तेज हवा या बारिश नहीं होती, तब तक प्रदूषण से राहत मिलने की संभावना कम है।
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नागरिकों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, मास्क का उपयोग करने और सुबह-शाम खुले में व्यायाम न करने की सलाह दी गई है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया है।