पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7 नकबजन गिरफ्तार, 15 से ज्यादा चोरी की वारदातें खुलीं
बीकानेर. शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर बीकानेर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस थाना जेएनवीसी ने सात शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों से पूछताछ में शहर के अलग-अलग इलाकों में हुई 15 से अधिक चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह खास तौर पर रात के समय सूने मकानों और बंद दुकानों को निशाना बनाता था।
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले दिन में क्षेत्रों की रेकी करते थे और यह सुनिश्चित करते थे कि घर या दुकान कब खाली रहती है। इसके बाद रात में मौका देखकर ताले तोड़कर नकदी, जेवर और कीमती सामान चोरी कर लेते थे। वारदातों के बाद गिरोह अलग-अलग दिशाओं में फरार हो जाता था ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में और थानाधिकारी विक्रम तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर की गई। पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर टीम ने संदिग्धों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे चोरी का सामान बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

