चोरी करने का अनोखा तरीका अपना रहे चोर, टॉवरों से बिजली तार उड़ाने वाले दो गिरफ्तार

बीकानेर. छतरगढ क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली तार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
आरोपी रात के अंधेरे में सुनसान इलाकों में लगे टॉवरों पर चढ़कर तार काटते और तुरंत मौके से फरार हो जाते थे, जिससे लंबे समय तक किसी को भनक नहीं लगती थी।
यह कार्रवाई खाजूवाला के डीवाईएसपी अमरजीत चावला के सुपरविजन में की गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमरसर निवासी महेश कुमार और श्रवण कुमार हैं, जो पिछले कुछ समय से टॉवरों को निशाना बना रहे थे।
थानाधिकारी नवनीत सिंह के अनुसार आरोपियों की तलाश लंबे समय से चल रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में उनसे अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है।

