चैत्र प्रतिपदा की पूर्व संध्या पर गूंजेगा ‘ब्रह्मनाद’, पुष्करणा स्टेडियम बनेगा दशावतार मंचन का साक्षी
बीकानेर। हिंदू नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा की पूर्व संध्या पर शहर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘ब्रह्मनाद संवत् 2083’ का आयोजन 18 मार्च को सायं 7 बजे से पुष्करणा स्टेडियम (पुष्करणा ग्राउंड) में किया जाएगा। बीकानेर सांस्कृतिक मंच द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान विष्णु के दशावतार का विशेष मंचन किया जाएगा, जिसके माध्यम से सनातन संस्कृति, भारतीय परंपरा और आध्यात्मिक विरासत की झलक प्रस्तुत की जाएगी। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और शहर में इसे लेकर उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम को लेकर लाली माई पार्क स्थित वेद पाठशाला में आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. श्रीकांत व्यास ने विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर धनंजय व्यास, पंडित प्रह्लाद व्यास, आरती आचार्य और राजकुमारी व्यास भी मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि सनातन परंपरा के अनुसार सृष्टि की रचना ओंकार से हुई और उसी दिव्य ध्वनि को ब्रह्मनाद कहा जाता है। चैत्र प्रतिपदा को सृष्टि के आरंभ का प्रतीक माना जाता है और इसी कारण इसे भारतीय नववर्ष के रूप में मनाया जाता है। इसी माह भगवान श्रीराम का जन्म हुआ तथा महाभारत काल में युधिष्ठिर का राज्याभिषेक भी इसी समय माना जाता है। इस अवधि में प्रकृति भी नए रूप में दिखाई देती है और वातावरण में नवचेतना का संचार होता है।
कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद और सरस्वती वंदना से होगी। इसके बाद बीकानेर के युवा वेदपाठी पंडित राजेंद्र किराडू और पंडित प्रह्लाद व्यास के सान्निध्य में वेद मंत्रों का उच्चारण करेंगे, जिससे पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और भक्तिमय बनाया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान विष्णु के दशावतार पर आधारित नाट्य प्रस्तुति होगी। इसमें मत्स्य, कूर्म, वराह, नरसिंह, वामन, परशुराम, राम, कृष्ण, बुद्ध और कल्कि अवतारों की झलक मंचन के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी। इस प्रस्तुति के जरिए दर्शकों को सनातन धर्म की परंपराओं और आध्यात्मिक संदेश से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में बीकानेर के युवाओं का प्रसिद्ध ईशानाथ मंडल भजनों की प्रस्तुति देगा, वहीं श्री सखी ग्रुप शास्त्रीय संगीत के माध्यम से कार्यक्रम को और आकर्षक बनाएगा। इसके साथ ही कालबेलिया और कथक नृत्य की प्रस्तुतियां भी होंगी, जिनमें भारतीय लोक और शास्त्रीय कला की सुंदर झलक देखने को मिलेगी।
आयोजन में संत समाज, भगवताचार्य, जनप्रतिनिधि और शहर के कई गणमान्य नागरिक भी शामिल होंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शहरभर में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। सोशल मीडिया के साथ-साथ विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में जनसंपर्क किया जा रहा है तथा रंगोली सजाकर और पीले चावल बांटकर लोगों को कार्यक्रम में आने का निमंत्रण दिया जा रहा है।
आयोजक समिति के अनुसार कार्यक्रम शाम 7 बजे शुरू होकर रात लगभग 10 बजे तक चलेगा। समापन सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और मां भगवती की महाआरती के साथ होगा। प्रेस वार्ता के दौरान आयोजन से जुड़े पोस्टर का विमोचन भी किया गया। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सांस्कृतिक आयोजन में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

