बीकानेर में एचपीवी वैक्सीन को लेकर जागरूकता अभियान, सर्वाइकल कैंसर रोकथाम पर दिया जोर

बीकानेर। मानव पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को लेकर शहर में व्यापक जनजागरूकता की पहल की गई। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज बीकानेर के बाल रोग विभाग एवं पीबीएम अस्पताल बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में सेमिनार हॉल में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ।
यह कार्यक्रम बाल रोग विभाग, बीकानेर पीडियाट्रिक सोसायटी, एडोलसेंट हेल्थ अकादमी, लायंस क्लब इंटरनेशनल (बीकानेर शाखा) तथा नारी शक्ति संगठन के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में एडोलसेंट हेल्थ अकादमी की अध्यक्ष डॉ. सारिका स्वामी ने एचपीवी संक्रमण से होने वाले रोगों, उनके लक्षणों और उपचार के वैज्ञानिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं कॉलेज की अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. रेखा आचार्य ने एचपीवी वैक्सीन और भारत सरकार की नई टीकाकरण नीति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
मुख्य वक्ता एवं कार्यक्रम के प्रधान समन्वयक डॉ. जी. एस. तंवर ने प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद दूसरा सबसे सामान्य कैंसर है, जो मुख्यतः HPV संक्रमण के कारण होता है। उन्होंने कहा कि यह कैंसर पूरी तरह से रोकथाम योग्य है और टीकाकरण इसका सबसे प्रभावी उपाय है।
डॉ. तंवर ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि 9 से 14 वर्ष की बालिकाएं इस वैक्सीन के लिए प्राथमिक लक्ष्य समूह हैं, जिन्हें सामान्यतः दो डोज़ दी जाती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद एवं भारत सरकार द्वारा 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए विशेष पायलट अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लगभग 1.25 करोड़ बालिकाओं को शामिल करने का लक्ष्य है।
इस राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ नरेंद्र मोदी द्वारा 28 फरवरी 2026 को किया गया, जिसके तहत अब तक लाखों बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
विशेषज्ञों ने बताया कि 15–20 वर्ष की किशोरियों और 9 वर्ष के किशोरों में भी टीकाकरण उपयोगी है, जबकि 20–26 वर्ष आयु वर्ग में तीन डोज़ का कार्यक्रम अपनाया जाता है। इम्यूनोकॉम्प्रोमाइज्ड व्यक्तियों के लिए तीन डोज़ अनिवार्य मानी जाती हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ आचार्य डॉ. रेणु अग्रवाल और वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम अग्रवाल ने भी अपने विचार रखते हुए समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
अंत में लायंस क्लब की सदस्य मधु खत्री ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए समाज में इस महत्वपूर्ण विषय पर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में करीब 40 महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी की।
इस अवसर पर डॉ. कुलदीप सिंह बित्तू, डॉ. मुकेश बेनीवाल, डॉ. पवन धारा, डॉ. इंद्रा चौधरी सहित अन्य चिकित्सक एवं रेजिडेंट डॉक्टर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ. सौरभ पुरोहित द्वारा किया गया।
यह कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, बल्कि महिलाओं और किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के प्रति भी प्रेरित करता नजर आया।

