आंधी-तूफान में तबाही: शेखसर में 10 बीघा गेहूं की फसल जली, किसानों ने मांगा मुआवजा
बीकानेर। बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र के गांव शेखसर में भीषण आग लगने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। आग की इस घटना में करीब 10 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई, जिससे दो किसानों की पूरी मेहनत पलभर में खत्म हो गई।
जानकारी के अनुसार, आंधी-तूफान के दौरान बिजली के तारों से निकली चिंगारी को आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है। तेज हवा के चलते आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते खेतों में खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में दो किसानों की लगभग पांच-पांच बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर बिजली लाइनों और उचित रखरखाव की कमी के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने विभाग से जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन हरकत में आया और तहसीलदार ने पटवारी को मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पीड़ित किसानों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके।

