बड़ी खबर: SI भर्ती 2021 रद्द, हाईकोर्ट ने फैसले पर लगाई अंतिम मुहर

जयपुर. राजस्थान की बहुचर्चित सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती-2021 को लेकर लंबे समय से जारी विवाद पर आखिरकार विराम लग गया है। राजस्थान हाईकोर्ट की विशेष खंडपीठ ने अहम फैसला सुनाते हुए स्पष्ट कर दिया कि SI भर्ती 2021 पूरी तरह रद्द ही रहेगी।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसपी शर्मा की अगुवाई वाली खंडपीठ ने राज्य सरकार और चयनित अभ्यर्थियों द्वारा दायर सभी अपीलों को खारिज कर दिया। इसके साथ ही पहले दिए गए फैसले को बरकरार रखते हुए भर्ती रद्द करने के आदेश पर अंतिम मुहर लगा दी गई है।
एकलपीठ के फैसले को बरकरार
गौरतलब है कि जस्टिस समीर जैन की एकलपीठ ने 28 अगस्त 2025 को अपने फैसले में SI भर्ती-2021 को रद्द कर दिया था। अब खंडपीठ ने भी उसी निर्णय को सही ठहराते हुए उसे कायम रखा है।
RPSC को मिली आंशिक राहत
हालांकि अदालत ने एक महत्वपूर्ण राहत देते हुए राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के सदस्यों के खिलाफ एकलपीठ द्वारा लिए गए स्वप्रेरित संज्ञान को रद्द कर दिया है। साथ ही जनहित याचिका (PIL) से जुड़े हिस्से को भी हटा दिया गया है।
हजारों अभ्यर्थियों पर असर
इस फैसले के बाद अब SI भर्ती 2021 पूरी तरह निरस्त मानी जाएगी। इससे हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य पर असर पड़ेगा, जो लंबे समय से इस भर्ती प्रक्रिया के नतीजे का इंतजार कर रहे थे।

