महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में फिर डीजल चोरी, रात में 15 लोगों ने घुसकर 1500 लीटर डीजल उड़ाया
बीकानेर. महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में एक बार फिर डीजल चोरी का मामला सामने आया है। रात के अंधेरे में करीब 15 लोग दो वाहनों के साथ अवैध रूप से रेंज के पूर्वी कैंप में घुसे और तीन अलग-अलग स्थानों से करीब 1500 लीटर डीजल चोरी कर फरार हो गए। आरोपियों ने दोनों वाहनों में डीजल से भरे ड्रम लादे और मौके से निकल गए।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने रात के समय रेंज में प्रवेश किया। इसके बाद पूर्वी कैंप में तीन जगहों से डीजल निकाला गया। करीब 1500 लीटर डीजल ड्रमों में भरने के बाद सभी आरोपी दोनों वाहनों से फरार हो गए।
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाएं
महाजन फील्ड फायरिंग रेंज जैसे संवेदनशील सैन्य क्षेत्र में लगातार डीजल और पेट्रोल चोरी की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। सैन्य अधिकारियों की ओर से सुरक्षा बढ़ाने और रेंज में अनधिकृत प्रवेश रोकने के तमाम प्रयासों के बावजूद चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
कुछ माह पहले भी रेंज में रात के समय अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने वालों को रोकने के लिए गोली मारने तक के आदेश दिए गए थे। इसके बावजूद रेंज में घुसकर चोरी की घटनाएं सामने आना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है।
पिछले महीने मंदिर से भी चोरी
रेंज क्षेत्र में चोरी की घटनाएं केवल डीजल-पेट्रोल तक सीमित नहीं हैं। पिछले महीने भी चोर रेंज क्षेत्र स्थित एक मंदिर में घुसे थे और वहां से मंदिर की घंटी और पीतल के बर्तन चोरी कर ले गए थे।

