14 अगस्त को मेघासर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने तैयारियों का लिया जायजा
Bikaner News Politics

14 अगस्त को मेघासर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने तैयारियों का लिया जायजा

Aug 9, 2026

 

बीकानेर. राज्यस्तरीय स्वतंत्रता समारोह-2026 के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 14 अगस्त को कोलायत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मेघासर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां ग्राम संस्थापक मेघोजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण करेंगे और इसके बाद प्रस्तावित विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे।

 

 

 

 

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं भाजपा बीकानेर देहात संगठन के पदाधिकारियों के साथ मेघासर पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।

 

 

उन्होंने जनसभा स्थल का मौका निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ तैयारियों को लेकर चर्चा की।

इस दौरान मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लिए प्रस्तावित हेलीपैड के स्थान का भी निरीक्षण किया गया।

 

 

 

 

विधायक भाटी ने अधिकारियों से सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, मंच और आमजन के बैठने सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का मेघासर आगमन पूरे कोलायत क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। राज्यस्तरीय स्वतंत्रता समारोह के तहत आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने वाला अवसर है। मेघासर के ग्राम संस्थापक मेघोजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण क्षेत्र की गौरवशाली परंपरा और इतिहास के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा।

 

 

 

 

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और भाजपा संगठन की ओर से समन्वित रूप से तैयारियां की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और आयोजन गरिमापूर्ण एवं ऐतिहासिक रूप से सफल हो।

 

 

 

निरीक्षण के दौरान ADSP बी.एल. मीणा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, सरपंच आसकरण उपाध्याय, नथमल उपाध्याय, हाडला सरपंच जयसिंह भाटी, भोलासर सरपंच पवन जोशी, भाजपा नेता महावीर सिंह चारण, मगेज सिंह भाटी, मोहन उपाध्याय, हरि उपाध्याय, जेठमल भेलू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।