बीकानेर में देर रात पहुंची ई-बसें, 15 अगस्त से शुरू होने की उम्मीद
Bikaner News

बीकानेर में देर रात पहुंची ई-बसें, 15 अगस्त से शुरू होने की उम्मीद

Aug 9, 2026

बीकानेर. शहरवासियों के लिए आधुनिक और प्रदूषण मुक्त सार्वजनिक परिवहन की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। बीकानेर में इलेक्ट्रिक सिटी बस पहुंच गई है। शहर में जल्द ही ई-बस सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है और इसी माह इन बसों का संचालन शुरू होने की संभावना है।

 

जानकारी के अनुसार महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के पास बस में तकनीकी खराबी आ गई और बैट्री डिस्चार्ज होने के बाद बस रास्ते में खड़ी हो गई। इसके बाद खराब हुई ई-बस को ट्रैक्टर से बांधकर खींचते हुए ले जाया गया। बस को ट्रैक्टर से खींचे जाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

अगस्त में शुरू होनी है ई-बस सेवा

बीकानेर में अगस्त 2026 के मध्य, संभावित रूप से 15 अगस्त के आसपास आधुनिक इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू करने की योजना है। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए पहले चरण में 75 हाईटेक ई-बसों का संचालन किया जाना प्रस्तावित है।

 

 

 

यह योजना केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत लागू की जा रही है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के प्रयासों से बीकानेर को कुल 125 ई-बसों की स्वीकृति मिली है। इनमें पहले चरण में 75 बसें चलाने की तैयारी है।

 

 

 

 

इन बसों का उद्देश्य शहर में बढ़ते ऑटो और निजी वाहनों के दबाव को कम करने के साथ प्रदूषण मुक्त और किफायती सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

 

 

 

 

MGSU के पास बन रहा ई-बस डिपो

ई-बसों के संचालन के लिए महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के पास डिपो तैयार किया जा रहा है। करीब 8.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस डिपो में एक साथ 25 बसों को चार्ज करने की सुविधा होगी। अधिकारियों के अनुसार डिपो का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। भविष्य में 125 बसों के संचालन को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त भूमि का अधिग्रहण भी किया जा चुका है।

 

 

20-30 रुपये में शहर के एक छोर से दूसरे छोर तक सफर

ई-बस सेवा आमजन के लिए किफायती परिवहन का विकल्प बनने की उम्मीद है। वर्तमान में शहर के एक छोर से दूसरे छोर तक ऑटो से जाने पर करीब 200 रुपये तक खर्च हो सकते हैं, जबकि ई-बस में यही दूरी करीब 20 से 30 रुपये में तय होने की बात कही जा रही है। इससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है।

 

 

 

 

GPS और CCTV से लैस होंगी बसें

ई-बसों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए कई आधुनिक सुविधाएं प्रस्तावित हैं। बस का दरवाजा पूरी तरह बंद हुए बिना बस नहीं चलेगी। तापमान बढ़ने की स्थिति में अलार्म सिस्टम सक्रिय होगा। प्रत्येक बस में GPS और CCTV कैमरे लगाए जाएंगे।

 

 

दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर और लिफ्ट की सुविधा होगी। महिलाओं के लिए चार सीटें आरक्षित रहेंगी, जिन्हें पिंक रंग से चिन्हित किया जाएगा। सभी बसें वातानुकूलित होंगी।

 

 

 

 

गांवों और पर्यटन स्थलों तक भी पहुंचेंगी बसें

प्रस्तावित रूट के तहत ई-बसों का संचालन बीकानेर शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों देशनोक, नाल, गंगाशहर, रायसर और उदासर तक किया जाना है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी सस्ती और सुलभ परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा जूनागढ़ किला और लक्ष्मीनाथ मंदिर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक भी ई-बस सेवा उपलब्ध कराने की योजना है।