बीकानेर के दिव्यांग छात्र ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से मुलाकात की, कोचिंग का सारा खर्च उठाएंगे
बीकानेर. बीकानेर के दिव्यांग छात्र भागीरथ सिंह ने शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर एक नई मिसाल पेश की है। रविवार सुबह जयपुर में राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से भागीरथ सिंह ने मुलाकात की। इस दौरान उनके पिता भी साथ रहे, वहीं श्रीडूंगरगढ़ के भारती निकेतन स्कूल के निदेशक श्रीकिशन स्वामी और संचालक गिरधर स्वामी भी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान शिक्षा मंत्री ने भागीरथ सिंह की अभूतपूर्व शैक्षणिक उपलब्धि की सराहना करते हुए उसे सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 12वीं के बाद उसकी कोचिंग का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
गौरतलब है कि भागीरथ सिंह ने 12वीं विज्ञान वर्ग में 500 में से पूरे 500 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित परिणामों में यह उपलब्धि न केवल श्रीडूंगरगढ़, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बन गई है।
भगीरथ ने हिंदी, अंग्रेजी, भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित—सभी विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए, जो बेहद दुर्लभ उपलब्धि मानी जाती है। उनकी यह सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियां भी मजबूत इरादों के सामने छोटी पड़ जाती हैं।
शिक्षा मंत्री के इस फैसले से छात्र और उसके परिवार में खुशी की लहर है। यह पहल न केवल भागीरथ सिंह के उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देगी, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

