जनसेवा, जवाबदेही और जागरूकता से मजबूत होगा संगठन: मदन राठौड़
बीकानेर. भाजपा बीकानेर शहर की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक स्थानीय पार्टी कार्यालय में जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने तथा आगामी रणनीतियों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
मुख्य वक्ता मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सक्रियता और जवाबदेही के साथ करना चाहिए। साथ ही सोशल मीडिया और आईटी के प्रभावी उपयोग के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
राठौड़ ने कहा कि पदाधिकारी, पार्षद या सामान्य कार्यकर्ता—सभी को जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहना चाहिए। कार्यकर्ताओं का आचरण ही संगठन की पहचान और विश्वसनीयता को मजबूत बनाता है। अपने संबोधन में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भैरोसिंह शेखावत और वसुंधरा राजे के जनकल्याणकारी कार्यों को प्रेरणास्रोत बताया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की मजबूती प्रभावी कूटनीति का परिणाम है। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सत्य और विकास का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं
जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने स्वागत भाषण में कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व से संगठन को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने नारी सशक्तिकरण को भाजपा की प्राथमिकता बताते हुए महिलाओं के सम्मान और भागीदारी को बढ़ाने पर जोर दिया।
प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने महिला आरक्षण बिल को ऐतिहासिक बताते हुए 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।
बैठक में मिथिलेश गौतम, बिहारीलाल बिश्नोई, अपूर्वा सिंह, महेंद्र कुमावत सहित कई पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। मंच संचालन जिला महामंत्री राजेंद्र पंवार ने किया।
मीडिया संयोजक कमल गहलोत के अनुसार बैठक में विधायक सिद्धि कुमारी, जेठानंद व्यास सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठनात्मक मजबूती और जनजागरण को लेकर सकारात्मक रणनीति पर सहमति बनी।

