एक-दूसरे को बचाने में तीन सगी बहनों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
Bikaner News

एक-दूसरे को बचाने में तीन सगी बहनों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

May 15, 2026

बीकानेर. बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र के ग्रान्धी गांव से शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से तीन सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक ही परिवार की तीन बेटियों के यूं अचानक चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

 

 

जानकारी के अनुसार तीनों बहनें खेत पर काम कर रही थीं। इसी दौरान एक बहन का अचानक पैर फिसल गया और वह डिग्गी के गहरे पानी में जा गिरी। बहन को डूबता देख दूसरी बहन उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद गई। जब दोनों बाहर नहीं निकल पाईं तो तीसरी बहन भी उन्हें बचाने के प्रयास में डिग्गी में उतर गई। लेकिन दुर्भाग्यवश तीनों बहनों को तैरना नहीं आता था और एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों गहरे पानी में डूब गईं।

 

 

हादसे में एक शादीशुदा बहन सहित दो कुंवारी बहनों की मौत हो गई। घटना की खबर जैसे ही गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर बज्जू पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तीनों शवों को डिग्गी से बाहर निकाला गया।

 

 

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे ग्रान्धी गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार दुख इतना गहरा है कि गांव के कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। हर आंख नम है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे को याद कर स्तब्ध नजर आ रहा है।