प्रशासन की अनदेखी पर मोहल्लेवासी बने मिसाल, खुद भरने लगे सड़क के गड्ढे
बीकानेर. धरणीधर से जनता प्याऊ रोड की जर्जर सड़क से परेशान वार्ड-45 के लोगों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। लंबे समय से प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने पर अब मोहल्लेवासियों ने खुद ही गड्ढे भरने का अभियान शुरू कर दिया है। शाम के समय लोग एकजुट होकर सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में मिट्टी डालकर उन्हें भर रहे हैं, ताकि आए दिन होने वाले हादसों को रोका जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क जगह-जगह से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगभग हर दिन कोई न कोई इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहा है।
स्थानीय निवासी फूसाराम ने बताया कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि सड़क के पास एक पाइपलाइन भी टूटी हुई है, जिससे प्रतिदिन हजारों गैलन पानी व्यर्थ बह रहा है, लेकिन इसकी भी मरम्मत नहीं कराई जा रही।
वहीं विशाल ने बताया कि सड़क के गड्ढे हादसों का कारण बन चुके हैं। उनका कहना है कि रोजाना लोग गिरकर घायल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है।
मोहल्लेवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने, टूटी पाइपलाइन ठीक करने तथा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

