जन शिक्षण संस्थान में कौशल का प्रदर्शन, प्रदर्शनी और रैम्प वॉक से प्रशिक्षणार्थियों का बढ़ाया आत्मविश्वास
बीकानेर. जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर द्वारा संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों के अंतर्गत असिस्टेंट ड्रेस मेकर एवं ब्यूटी केयर असिस्टेंट प्रशिक्षण बैचों की प्रशिक्षणार्थियों के लिए उत्पाद प्रदर्शनी एवं रैम्प वॉक शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन करते हुए स्वयं तैयार किए गए उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई।
मुख्य वक्ता डॉ. विभा बंसल ने कहा कि जन शिक्षण संस्थान के कौशल विकास कार्यक्रम महिलाओं में सामाजिक सहभागिता, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल का प्रभावी प्रस्तुतीकरण भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना उसे सीखना।
मुख्य अतिथि डॉ. दीपाली धवन ने “कल करे सो आज कर, आज करे सो अब” की प्रेरक पंक्तियों का उल्लेख करते हुए प्रशिक्षणार्थियों से कौशल को रोजगार और स्वरोजगार में बदलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है जो समय रहते अपने लक्ष्य की दिशा में कार्य शुरू कर देते हैं।
संस्थान के निदेशक ने भी प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी महेश उपाध्याय ने दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विशेषताओं तथा प्रशिक्षणार्थियों के कुशल प्रबंधन की जानकारी दी। वहीं सहायक कार्यक्रम अधिकारी उमाशंकर आचार्य और तलत रियाज ने प्रदर्शनी एवं रैम्प वॉक शो का सफल संचालन किया।
इस अवसर पर संजू राठौड़, संध्या भाटी और प्रीति व्यास ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में प्रदर्शित उत्पादों की अतिथियों ने सराहना की तथा प्रशिक्षणार्थियों को आत्मनिर्भर बनकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

