बीकानेर में ‘टैक्स एंड अकाउंटिंग टाइटन अवॉर्ड सेरेमनी’ का आयोजन, टैक्स प्रोफेशनल्स और अकाउंटेंट्स का हुआ सम्मान
बीकानेर. टैक्स एवं अकाउंटिंग क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले प्रोफेशनल्स को सम्मानित करने के उद्देश्य से टैली सॉल्यूशंस की ओर से बुधवार को उत्सव बैंक्वेट में ‘टैक्स एंड अकाउंटिंग टाइटन अवॉर्ड सेरेमनी’ का आयोजन किया गया। समारोह में बीकानेर के व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े टैक्स प्रोफेशनल्स और अकाउंटेंट्स का साफा पहनाकर एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि द्वारका प्रसाद पच्चीसिया ने कहा कि वर्तमान समय में जीएसटी एवं टैक्स कंसल्टेंट्स व्यापार जगत की रीढ़ हैं। बदलते कर कानूनों और बढ़ती अनुपालन आवश्यकताओं के बीच व्यापारियों को सही मार्गदर्शन देने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भविष्य में व्यापार और उद्योग की प्रगति में इनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं ICAI बीकानेर चैप्टर के चेयरमैन मुकेश शर्मा ने कहा कि अकाउंटेंट्स भारतीय अर्थव्यवस्था के मजबूत आधार स्तंभ हैं। व्यवसायों की वित्तीय व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में उनका योगदान अतुलनीय है और ऐसे प्रोफेशनल्स का सम्मान किया जाना सराहनीय पहल है। बीकानेर फायरवर्क्स एसोसिएशन के सचिव वीरेन्द्र किराडू ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
टैली सॉल्यूशंस के क्षेत्रीय प्रबंधक विशाल दीप गुप्ता, प्रोडक्ट विशेषज्ञ बलवंत सिंह, मार्केटिंग टीम की मंदाकिनी कौर, बीकानेर प्रबंधक बालकिशन कुमावत तथा अंकित पारीक, जितेन्द्र हाडा और आदर्श गर्ग ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बीकानेर के अनुभवी टैक्स एवं अकाउंटिंग प्रोफेशनल्स को एक साझा मंच उपलब्ध कराना, उनके योगदान को पहचान दिलाना तथा आपसी सहयोग और संवाद को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का संयोजन टैली सर्टिफाइड पार्टनर मनीष तापड़िया, अभय सुराणा एवं उनकी टीम ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में टैक्स प्रोफेशनल्स और अकाउंटेंट्स ने भाग लिया। इस अवसर पर अकाउंटिंग एवं टैक्सेशन क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले अनेक प्रोफेशनल्स को सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से व्यापार, उद्योग और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में टैक्स एवं अकाउंटिंग विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया।

