आधी रात खेत की ढाणी में आग का तांडव, किसान को लाखों का नुकसान
बीकानेर. जिले के अरजनसर क्षेत्र के समीप स्थित रामसरा गांव की रोही में बुधवार देर रात खेत में बनी एक ढाणी में अचानक भीषण आग लगने से लाखों रुपये का कृषि सामान जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में सिंचाई के लिए उपयोग होने वाले करीब 130 पाइप, फव्वारा, गेहूं तथा कट्टों में रखा ग्वार पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार रामसरा निवासी धर्मपाल ओझाईया ने बताया कि किसान गौरीशंकर पुत्र मलूराम शर्मा के खेत में बनी ढाणी में बुधवार देर रात अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें देखकर आसपास के खेतों में मौजूद किसानों और ग्रामीणों को सूचना दी गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।
आग पर काबू पाने तक ढाणी में रखा अधिकांश कृषि सामान पूरी तरह जल चुका था। घटना में करीब 130 सिंचाई पाइप, फव्वारा, गेहूं और कट्टों में रखा ग्वार राख हो गया, जिससे किसान को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का सर्वे करवाकर नुकसान का आकलन करने तथा पीड़ित किसान को राजकीय सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वह दोबारा खेती का कार्य शुरू कर सके।

