बीकानेर में बिजली तंत्र को सुरक्षित बनाने की कवायद, ट्रांसफारमर पर फेंसिंग और लोहे के पोल पर लगाए जा रहे विशेष पाइप
Bikaner News

बीकानेर में बिजली तंत्र को सुरक्षित बनाने की कवायद, ट्रांसफारमर पर फेंसिंग और लोहे के पोल पर लगाए जा रहे विशेष पाइप

Aug 11, 2026

बीकानेर. शहर में उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के साथ बीकानेर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई लिमिटेड (बीकेईएसएल) विद्युत तंत्र को सुरक्षित बनाने के लिए भी कई कदम उठा रही है। करंट लगने के संभावित खतरे वाले स्थानों पर ट्रांसफारमर के चारों ओर फेंसिंग करने और लोहे के पोल पर विशेष पाइप लगाकर उन्हें सुरक्षित किया जा रहा है। वहीं उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पब्लिक पार्क में कस्टमर केयर सेंटर भी शुरू किया गया है।

 

 

बीकेईएसएल के सीओओ हरीश चन्द्र सिंह ने बताया कि शहर में ट्रांसफारमर के चारों ओर आकर्षक प्रीकास्ट फेंसिंग लगाने का काम तेजी से चल रहा है। अब तक 40 ट्रांसफारमर पर फेंसिंग लगाई जा चुकी है, जबकि करीब 60 और ट्रांसफारमर पर फेंसिंग लगाने का लक्ष्य है। इसके अलावा करीब 100 ट्रांसफारमर की पुरानी फेंसिंग की मरम्मत कराई जा रही है। इनमें से अब तक 27 फेंसिंग की मरम्मत पूरी हो चुकी है।

 

 

 

उन्होंने बताया कि लोहे के पोल से करंट लगने के खतरे को देखते हुए इस वर्ष करीब 500 पोल पर विशेष रूप से तैयार पाइप लगाए गए हैं। बीकेईएसएल के अनुसार अब तक करीब 3 हजार लोहे के पोल को सुरक्षित किया जा चुका है।

 

 

 

बरसात के दौरान पाइप लगाए गए पोल की जांच भी की जा रही है। इसके बाद इन पोल को और प्रभावी तरीके से सुरक्षित करने के लिए आईआईटी जोधपुर के विशेषज्ञों के साथ चर्चा की जाएगी, ताकि करंट लगने की घटनाओं को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सके।

 

 

 

पब्लिक पार्क में कस्टमर केयर सेंटर

उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए पब्लिक पार्क में कस्टमर केयर सेंटर खोला गया है। उपभोक्ता सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक यहां पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं।

 

 

 

कंपनी के अनुसार यदि किसी उपभोक्ता की समस्या का समाधान जूनियर स्तर के अधिकारियों से नहीं हो पाता है तो सेंटर पर मौजूद उच्चाधिकारी तत्काल मामले को देखेंगे और समाधान का प्रयास करेंगे।

 

 

 

इसके अलावा बीकेईएसएल की ओर से हर महीने शुक्रवार को जनसुनवाई भी आयोजित की जाती है। इसमें उपभोक्ता अपनी बिजली संबंधी शिकायतें और समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकते हैं।