पानी कनेक्शन की मांग को लेकर परशुराम कॉलोनी के लोगों का धरना, टैंकरों को रोककर लगाया पानी की कालाबाजारी का आरोप

बीकानेर. चोपड़ा बाड़ी (गंगाशहर) स्थित परशुराम कॉलोनी के करीब 50 परिवार पानी के कनेक्शन की मांग को लेकर सुजान्देसर पानी की टंकी पर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस नेता अरुण व्यास के नेतृत्व में कॉलोनीवासियों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द कनेक्शन देने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विभाग की ओर से महीनों पहले कॉलोनी में पानी की लाइन बिछाई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कनेक्शन नहीं किए जा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान सुजान्देसर टंकी स्थित सरकारी ट्यूबवेल से पानी भरकर जा रहे कुछ टैंकरों को भी प्रदर्शनकारियों ने रोक लिया। कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि सरकारी ट्यूबवेल के पानी का टैंकरों के जरिए व्यावसायिक इस्तेमाल और कालाबाजारी की जा रही है।
कांग्रेस नेता अरुण व्यास ने आरोप लगाया कि एक तरफ कॉलोनीवासियों को पानी के कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सरकारी ट्यूबवेल से टैंकरों के माध्यम से पानी ले जाया जा रहा है। उन्होंने इस मामले में अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की।
संबंधित एईएन दीक्षा और जेईएन अजय से वार्ता के बाद भी सहमति नहीं बनने पर जलदाय विभाग के सिटी एक्सईएन जितेंद्र बैंस मौके पर पहुंचे। अरुण व्यास ने उन्हें कॉलोनीवासियों को पानी के कनेक्शन देने में कथित भेदभाव और सरकारी ट्यूबवेल से पानी ले जाने के मामले से अवगत कराया।
सिटी एक्सईएन जितेंद्र बैंस ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने एईएन दीक्षा और जेईएन अजय के साथ परशुराम कॉलोनी का मौका मुआयना किया और जल्द पानी कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू करवाने का आश्वासन दिया।
धरने की सूचना मिलने पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल भी मौके पर पहुंचे और जलदाय विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। इस दौरान संगठन महासचिव रमजान कच्छवा, डीसी गहलोत, मानक वाल्मीकि, गोविंद पुरोहित, नरनारायण स्वामी, सोनू बारसा, पंकज स्वामी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

