शिक्षकों के नियमितीकरण का मामला गरमाया, शिक्षक संघ ने DEO को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर. भर्ती-2022 के शेष शिक्षकों और दिव्यांग शिक्षकों के नियमितीकरण एवं स्थायीकरण की लंबित प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग उठी है। राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) जिला शाखा बीकानेर के प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक मुख्यालय), बीकानेर को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
संगठन के जिलाध्यक्ष महेंद्र पाल भंवरिया ने बताया कि भर्ती-2022 से जुड़े संबंधित दिव्यांग शिक्षकों का मेडिकल बोर्ड से परीक्षण पूरा हो चुका है और उनकी मेडिकल रिपोर्ट भी प्राप्त हो गई है। इसके बावजूद शिक्षकों के नियमितीकरण और स्थायीकरण की कार्रवाई अभी लंबित है। इससे संबंधित शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षक संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, ऐसे में प्रकरणों का जल्द निस्तारण कर शिक्षकों को राहत दी जाए। संगठन के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वेतन नियमितीकरण से संबंधित आदेश आज या कल तक जारी कर दिए जाएंगे।
ज्ञापन देने के दौरान जिलाध्यक्ष महेंद्र पाल भंवरिया, जिला मंत्री हेमेंद्र बाना, वरिष्ठ शिक्षक कोजाराम सियाग, बीकानेर देहात अध्यक्ष गणेश चौधरी, मंत्री सोहन कूकना, किसन सियाग, बलराम चौधरी, सांवरा राम सारण, अर्जुन राम, नानकराम जांगू, गणेश सिंह, पप्पूराम सियाग और भानु प्रताप (नोखा) सहित अनेक शिक्षक मौजूद रहे।

