बीकानेर में बदलने वाला है बसों का रूट: अब रोड नंबर-5 से निकलेंगी नोखा-नागौर की बसें, जाम से मिलेगी राहत
बीकानेर. शहर के रानी बाजार, गोगागेट और गंगाशहर रोड पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने बीकानेर से नोखा-नागौर आने-जाने वाली बसों के रूट में बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया है। नई व्यवस्था लागू होने पर इस मार्ग की बसें रानी बाजार रोड नंबर-5 से होकर जैन कॉलेज चौराहा और नोखा रोड की तरफ संचालित होंगी। हालांकि इसे लागू करने से पहले आमजन से आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं।
यातायात शाखा प्रभारी पुलिस निरीक्षक कानाराम ने बताया कि रानी बाजार, गोगागेट और गंगाशहर रोड पर यातायात का दबाव कम करने के उद्देश्य से नया रूट प्रस्तावित किया गया है। वर्तमान में इस क्षेत्र में बसों और अन्य वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। इसका असर स्थानीय वाहन चालकों के साथ आसपास के व्यापारिक और आवासीय क्षेत्रों के लोगों पर भी पड़ता है।
रोड नंबर-5 से नोखा रोड पहुंचेंगी बसें
प्रस्ताव के तहत बीकानेर से नोखा-नागौर की तरफ जाने वाली बसों और अन्य मध्यम व भारी वाहनों को रानी बाजार ओवरब्रिज से चौपड़ा कटला की तरफ ले जाकर रानी बाजार रोड नंबर-5 और सिनेमेजिक होते हुए जैन कॉलेज चौराहा तथा नोखा रोड की तरफ निकाला जाएगा। इसी मार्ग से बसों के संचालन की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है।
वहीं मध्यम एवं हल्के चार पहिया वाहनों के लिए रानी बाजार ओवरब्रिज से मिलन स्वीट मोड़, अपेक्स हॉस्पिटल, रानी बाजार चौराहा और गोगागेट सर्किल होते हुए गंगाशहर रोड की तरफ जाने की व्यवस्था प्रस्तावित है।
हॉस्पिटल रोड और गोगागेट पर घटेगा दबाव
यातायात पुलिस का मानना है कि नोखा-नागौर मार्ग की बसों एवं भारी वाहनों को रोड नंबर-5 की तरफ डायवर्ट करने से हॉस्पिटल रोड, रानी बाजार चौराहा और गोगागेट सर्किल पर वाहनों का दबाव कम हो सकेगा। इससे इन व्यस्त मार्गों पर यातायात को सुचारू करने के साथ जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
23 अगस्त तक दे सकते हैं आपत्ति
फिलहाल यह व्यवस्था प्रस्ताव के स्तर पर है। यातायात शाखा ने इसे लागू करने से पहले आमजन से आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए हैं। किसी व्यक्ति को प्रस्तावित रूट को लेकर कोई आपत्ति है तो वह 23 अगस्त 2026 तक यातायात शाखा, बीकानेर में लिखित रूप से अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकता है। इसके बाद प्राप्त आपत्तियों और सुझावों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

