जिस ट्रेन में चुराया लैपटॉप, फिर उसी में दोबारा चढ़ा चोर, 500 CCTV खंगाल पुलिस ने चलती ट्रेन से दबोचा
बीकानेर. ट्रेन में सफर के दौरान यात्री का लैपटॉप बैग चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जम्मूतवी एक्सप्रेस में हुई चोरी की वारदात के आरोपी राजू को पुलिस ने लूणकरनसर और बीकानेर के बीच चलती ट्रेन से पकड़ लिया। आरोपी की पहचान के लिए पुलिस टीम ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। खास बात यह रही कि आरोपी वारदात के बाद दोबारा उसी ट्रेन में सफर करता हुआ मिल गया।
जानकारी के अनुसार नोखा रेलवे स्टेशन पर जम्मूतवी एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का लैपटॉप बैग चोरी हो गया था। मामला सामने आने के बाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा से जुड़ी टीमों ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान रेलवे स्टेशनों और आसपास लगे 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की गतिविधियों और उसके आने-जाने के रास्ते को ट्रेस करते हुए उसकी पहचान राजू के रूप में की।
पुलिस को जांच के दौरान आरोपी के दोबारा उसी ट्रेन में सफर करने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम सक्रिय हुई और उसका पीछा किया। आखिरकार लूणकरनसर से बीकानेर के बीच चलती ट्रेन में आरोपी को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने नोखा रेलवे स्टेशन पर लैपटॉप बैग चोरी करने की वारदात कबूल की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया है। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में CID/GRP जोधपुर, आरपीएफ और जीआरपी नागौर की टीमों की संयुक्त भूमिका रही।

