अर्जुनराम मेघवाल बोले—बीकानेर नगर निगम में खिलेगा कमल, हर वार्ड को बनाएं जीत का केंद्र
Bikaner News Politics

अर्जुनराम मेघवाल बोले—बीकानेर नगर निगम में खिलेगा कमल, हर वार्ड को बनाएं जीत का केंद्र

Aug 26, 2026

बीकानेर. नगर निगम चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ की अध्यक्षता में ‘विजय संकल्प सम्मेलन’ आयोजित किया। सम्मेलन में नगर निगम के सभी 80 वार्डों से संभावित प्रत्याशी, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर बूथ और वार्ड स्तर पर सक्रिय होने का आह्वान किया।

 

 

मुख्य वक्ता अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि भाजपा का मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। नगर निगम चुनाव में संगठन प्रत्येक वार्ड तक पहुंच बनाकर पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर पार्टी की नीतियां और उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने तथा प्रत्येक वार्ड को जीत का केंद्र बनाने का आह्वान किया।

 

 

मेघवाल ने कहा कि नगर निगम चुनाव बीकानेर के विकास और बेहतर व्यवस्थाओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ चुनाव अभियान आगे बढ़ाएं। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास से भाजपा नगर निगम चुनाव में जीत हासिल करेगी।

 

 

चुनाव पर्यवेक्षक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि सभी 80 वार्डों से आए आवेदनों ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन की मजबूती को साबित किया है। प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि संगठन और कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही चुनाव में भाजपा की सबसे बड़ी ताकत होगी।

 

 

प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र पाल टीटी ने कार्यकर्ताओं से संगठन की रणनीति के अनुसार बूथ एवं वार्ड स्तर पर सक्रिय होने का आह्वान किया। विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के साथ भाजपा नगर निगम चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगी।

 

 

शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि भाजपा संगठन प्रत्येक वार्ड में सक्रिय है और पार्टी विजय के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

 

 

नगर निगम के सभी 80 वार्डों से संभावित प्रत्याशियों ने टिकट के लिए आवेदन किए हैं। आवेदन प्रक्रिया के दौरान कई दावेदार अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। सम्मेलन का संचालन जिला महामंत्री एडवोकेट कौशल शर्मा ने किया।

 

 

मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने बताया कि सम्मेलन में कृपाशंकर सिंह, गोपाल गहलोत, सत्यप्रकाश आचार्य, देवेंद्र पारीक, राजन तनेजा, मोहन सुराणा, महावीर रांका, रमजान अब्बासी, सरला जोशी, नारायण चोपड़ा, प्रेम गहलोत, नामदेव उसेडी, अविनाश वरजूकर, संतोष महाराज, श्याम सिंह हाडला और राजेंद्र पंवार सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।