रक्षाबंधन से पहले बड़ी कार्रवाई: बीकानेर में 1439 किलो काजू सीज, मिठाइयों के नमूने भी लिए
बीकानेर. रक्षाबंधन पर शुद्ध खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने बीछवाल स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के एक गोदाम से 1439 किलोग्राम काजू सीज किया है। काजू के लेबल में कमियां मिलने पर नमूना लेने के बाद यह कार्रवाई की गई।
अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि बुधवार को जयपुर से आए केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित शर्मा तथा बीकानेर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा और भानू प्रताप सिंह गहलोत ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मैसर्स वीआरएल लॉजिस्टिक के गोदाम का निरीक्षण किया। यहां रखे ‘प्राप्ति’ ब्रांड के काजू के लेबल में कमियां पाई गईं। इसके बाद नमूना लेकर 1439 किलो काजू सीज कर दिया गया। उक्त काजू फड़ बाजार स्थित मैसर्स गोपी किशन सुरेश कुमार द्वारा मंगवाया गया था।
अभियान के दौरान टीम ने मैसर्स रूपचंद मोहनलाल की निर्माण इकाई से गुलाब जामुन और खोया के नमूने भी लिए। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार और राकेश कुमार की दूसरी टीम ने मैसर्स श्री बीकानेर नमकीन भंडार से मीठा मावा तथा काजू कतली के नमूने लिए।
सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

