देशनोक में भाजपा ने तेज किया चुनाव प्रचार, विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने वार्ड 21 और 22 में किया जनसंवाद
देशनोक. नगरपालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने देशनोक में अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। रविवार को कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने वार्ड नंबर 21 में भाजपा प्रत्याशी लीला देवी सोनार और वार्ड नंबर 22 में प्रत्याशी सीतादान बारड़ के समर्थन में जनसंवाद किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
विधायक भाटी ने कहा कि देशनोक के समुचित विकास के लिए मजबूत और जवाबदेह स्थानीय निकाय आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर प्रत्येक घर तक पहुंचने तथा भाजपा की विकासपरक सोच एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूर्ववर्ती कांग्रेस बोर्ड के कार्यकाल की कथित नाकामियों तथा विकास के अभाव का मुद्दा भी मतदाताओं के सामने रखा। साथ ही प्रदेश की भाजपा सरकार और विधायक स्तर पर पिछले ढाई वर्षों के दौरान देशनोक में करवाए गए विकास कार्यों, स्वीकृत बजट तथा प्रगतिरत कार्यों की जानकारी दी गई।
देशनोक के अन्य वार्डों में भी भाजपा प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जनसंपर्क कर मतदाताओं से संवाद किया। इस दौरान स्थानीय समस्याओं एवं विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की गई। कार्यकर्ताओं ने विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बनाने का आह्वान किया।
विधायक अंशुमान सिंह भाटी द्वारा मुख्य चुनाव कार्यालय से वार्डवार चुनावी गतिविधियों की निगरानी भी की जा रही है। वे प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेकर जनसंपर्क अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
भाजपा की ओर से नथमल सुराणा, मेघदान चारण, नथुराम कड़ेला, रुक्मणी देवी, बाबू नायक, अनिल सारड़ा, मैना कंवर, ललिता देवी, रमेशचंद्र उपाध्याय, कानाराम धूरखवाल, शिवदयाल बारड़, सोनू कंवर, देवेंद्र सिंह चारण, मुन्नी देवी, ममोल देवी, गोपालराम मेघवाल, लीला देवी नाहटा, राधा देवी, रूपदान चारण, विनोददान चारण, लीला देवी सोनार, सीतादान बारड़, श्याम सिंह चारण, चंदा देवी और रामकंवरी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं।

