बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस का स्पष्ट बहुमत, 42 सीटें जीती, रालोपा ने खाता खोला, बीजेपी ने 27 सीटे जीती
बीकानेर. बीकानेर नगर निगम चुनाव-2026 के सभी 80 वार्डों के परिणाम घोषित हो गए हैं। कांग्रेस ने 42 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। भाजपा को 27 सीटें मिली हैं, जबकि 10 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) ने भी एक सीट पर जीत दर्ज की है।
नगर निगम में अपना बोर्ड बनाने के लिए किसी भी दल को कम से कम 41 पार्षदों की आवश्यकता थी। कांग्रेस ने 42 सीटें जीतकर बहुमत के आंकड़े से एक सीट अधिक हासिल की है। इसके साथ ही नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय हो गया है।
भाजपा 27 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। दोनों प्रमुख दलों के बीच 15 सीटों का अंतर रहा। वहीं, 10 निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर कई वार्डों में कांग्रेस और भाजपा के चुनावी समीकरण बिगाड़ दिए। रालोपा ने एक सीट जीतकर नगर निगम में अपना खाता खोला है।
अंतिम परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में समर्थकों ने नारेबाजी और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद अब राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र महापौर पद बन गया है। पार्टी किस निर्वाचित पार्षद को महापौर पद का उम्मीदवार बनाएगी, इसे लेकर अलग-अलग नामों पर चर्चा शुरू हो गई है।

