संकल्प फाउंडेशन सोसाइटी के बैनर का विमोचन, सेवा और स्वावलंबन की दिशा में बढ़ाया कदम
Bikaner News

संकल्प फाउंडेशन सोसाइटी के बैनर का विमोचन, सेवा और स्वावलंबन की दिशा में बढ़ाया कदम

Sep 16, 2026

बीकानेर. सेवा, सम्मान और स्वावलंबन की भावना से कार्य करने वाली सामाजिक संस्था संकल्प फाउंडेशन सोसाइटी के बैनर का विमोचन यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका ने किया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

 

 

फाउंडेशन की अध्यक्ष सुनीता सक्सेना ने संस्था के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को जीवन के महत्वपूर्ण पड़ाव पर सम्मान, सुरक्षा, अपनत्व और सार्थक सहभागिता का वातावरण उपलब्ध करवाना संस्था की प्रमुख प्राथमिकता है। इसके साथ ही महिलाओं को उनकी प्रतिभा और कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए भी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

 

 

सुनीता सक्सेना ने कहा कि संस्था सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में सेवा कार्यों के साथ जरूरतमंद लोगों की गरिमा और आत्मविश्वास को बनाए रखने की दिशा में काम करेगी। फाउंडेशन का मानना है कि सेवा केवल किसी को सहायता उपलब्ध करवाना नहीं, बल्कि उसे सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना भी है।

 

 

महावीर रांका ने संस्था के उद्देश्यों और प्रस्तावित गतिविधियों की सराहना करते हुए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अपेक्षित सहयोग देने की भावना भी व्यक्त की।

 

 

कार्यक्रम में फाउंडेशन की अध्यक्ष सुनीता सक्सेना, कल्पना श्रीवास्तव, नीलम जौहरी सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने सेवा और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से संस्था के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।