अपेक्स हॉस्पिटल में फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अपूर्वा बिस्सा के नए चैम्बर का उद्घाटन
बीकानेर. अपेक्स हॉस्पिटल में फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अपूर्वा बिस्सा के नए चैम्बर का उद्घाटन सोमवार को महापौर अनिल कल्ला, बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डीपी पच्चीसिया और अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. तनवीर मालावत ने फीता काटकर किया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सक और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महापौर अनिल कल्ला ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण मांसपेशियों में खिंचाव, नसों में जकड़न, कमर दर्द और गर्दन संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में फिजियोथेरेपी की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि नियमित दिनचर्या में बदलाव और शारीरिक गतिविधियों की कमी के चलते लोगों को फिजियोथेरेपिस्ट की सेवाओं की आवश्यकता महसूस हो रही है।
बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डीपी पच्चीसिया ने कहा कि लगातार काम करना और मोबाइल का अधिक इस्तेमाल भी शरीर से जुड़ी कई समस्याओं का कारण बन रहा है। ऐसे समय में फिजियोथेरेपी जैसी सेवाएं लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं।
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. तनवीर मालावत ने कहा कि अपेक्स हॉस्पिटल में शुरू की गई फिजियोथेरेपी सेवाओं से ऑपरेशन के बाद रिकवरी कर रहे मरीजों के साथ-साथ अन्य रोगियों को भी लाभ मिल सकेगा।
डॉ. अपूर्वा बिस्सा ने कहा कि फिजियोथेरेपी केवल उपचार का माध्यम नहीं, बल्कि शरीर की प्राकृतिक क्षमता और ताकत को वापस लाने की प्रक्रिया है। उनका उद्देश्य मरीजों को दर्द से राहत दिलाने के साथ उनकी गतिशीलता को बेहतर करना है। उन्होंने कहा कि फिजियोथेरेपी को सेवा और साधना के रूप में आगे बढ़ाने का प्रयास रहेगा।
उन्होंने बताया कि फिजियोथेरेपी में मशीनों के माध्यम से भी मरीजों को राहत दी जाती है, लेकिन मैनुअल थेरेपी के माध्यम से कई मामलों में बेहतर और दीर्घकालिक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मरीजों को मैनुअल पद्धति से उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
अस्पताल के यूनिट हेड डॉ. भानू प्रकाश ने कहा कि अपेक्स हॉस्पिटल में महानगरों की तर्ज पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। आने वाले समय में अस्पताल में और बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे मरीजों को उपचार के लिए बीकानेर से बाहर जाने की आवश्यकता कम हो सके।
उद्घाटन कार्यक्रम में डॉ. आरपी अग्रवाल, डॉ. ऋषभ कोचर, डॉ. मनीष बोथरा, डॉ. अंकित स्वामी, डॉ. गुरदीप कौर, डॉ. अनिकेत शर्मा, विष्णु नारायण बिस्सा, पवन पच्चीसिया, सलीम चिश्ती, जितेंद्र बिस्सा, मोहित दीक्षित सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन मौजूद रहे।

