एनएसएस सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन स्वच्छता अभियान एवं बौद्धिक सत्रों का आयोजन
Bikaner News

एनएसएस सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन स्वच्छता अभियान एवं बौद्धिक सत्रों का आयोजन

Dec 21, 2025

 

बीकानेर. राजकीय डूंगर महाविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते हुए स्वच्छता, अनुशासन एवं सामूहिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया।
तृतीय दिवस के अंतर्गत दो बौद्धिक सत्रों का आयोजन किया गया। प्रथम सत्र में राजेंद्र जी श्रीमाली मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए यह बताया कि हिंदी माध्यम से भी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी की रणनीतियों पर उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।
द्वितीय सत्र में आनंद व्यास (एडिशनल पब्लिक प्रोसेक्यूटर) ने कानून एवं व्यवस्था तथा भारतीय संविधान विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने युवाओं को संविधान के मूल मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों एवं विधि-व्यवस्था की भूमिका से अवगत कराया और जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ रविकांत व्यास द्वारा किया गया । डॉ प्रकाश गर्ग ने अतिथियों का सम्मान किया और आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम का समन्वय एवं निर्देशन डॉ. घनश्याम बीठू द्वारा किया गया। उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस के माध्यम से स्वच्छता, जागरूकता और बौद्धिक विकास—तीनों का समन्वय ही राष्ट्र निर्माण की सशक्त आधारशिला है।
तृतीय दिवस का आयोजन स्वयंसेवकों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी प्रयास सिद्ध हुआ।