चपरासी भर्ती का रिजल्ट जारी, 21 लाख अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म
Bikaner News

चपरासी भर्ती का रिजल्ट जारी, 21 लाख अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म

Jan 16, 2026
बीकानेर. राजस्थान में ग्रेड फोर्थ (चपरासी) भर्ती परीक्षा का लंबे समय से इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने सितंबर 2025 में आयोजित ग्रेड फोर्थ भर्ती परीक्षा का परिणाम आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब बोर्ड की वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि इस भर्ती परीक्षा में रिकॉर्ड संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। करीब 21 लाख से अधिक उम्मीदवारों के शामिल होने के कारण रिजल्ट प्रक्रिया में कुछ समय लगा, लेकिन पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और मेरिट आधारित रखा गया है।
उन्होंने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब चयन के अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा। अगले चरण में दस्तावेज़ सत्यापन सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। सभी दस्तावेज़ सही पाए जाने के बाद मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों की अंतिम सूची तैयार कर संबंधित विभागों को भेजी जाएगी।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आगे की चयन प्रक्रिया से जुड़ी सूचनाओं के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखते रहें।