खूब चले लात-घूंसे, नोखा-बीकानेर बस रूट बना अखाड़ा, वीडियो हुआ वायरल
Bikaner News

खूब चले लात-घूंसे, नोखा-बीकानेर बस रूट बना अखाड़ा, वीडियो हुआ वायरल

Jan 22, 2026
बीकानेर. नोखा-बीकानेर बस रूट पर बसों के संचालन को लेकर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वैध और अवैध बस संचालक आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि सरेआम लात-घूंसे चलने लगे और बस रूट कुछ देर के लिए अखाड़ा बन गया। इस दौरान मौके पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई और कई यात्री जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए।
जानकारी के अनुसार नोखा-बीकानेर रूट पर लंबे समय से बिना परमिट निजी बसों का संचालन किया जा रहा है। इसी को लेकर वैध परमिटधारी बस संचालक लगातार विरोध जताते आ रहे हैं। आरोप है कि अवैध बसों के कारण न सिर्फ नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, बल्कि वैध संचालकों को आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस स्टैंड क्षेत्र में पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े और खूब लात-घूंसे चले। मारपीट के चलते यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो गया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि हम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रूट पर आए दिन ऐसे विवाद होते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।