स्लीपर बस में लगी भीषण आग, सवारियों ने आपातकालीन गेट से निकलकर बचाई जान

बीकानेर. श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बुधवार अल सुबह करीब 5:15 बजे जयपुर से बीकानेर जा रही एक स्लीपर बस और चारे से भरे ट्रेलर की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में मौके पर ही आग लग गई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
नाइट ड्यूटी ऑफिसर हेडकांस्टेबल बलवीर सिंह काजला ने बताया कि ट्रेलर अपने आगे चल रहे एक ट्रक से टकराकर हाईवे पर ही रुक गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही मिलन ट्रेवल्स की स्लीपर बस खड़े चारे से भरे ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई और बस ऑटो लॉक हो गई, जिससे सवारियां अंदर फंस गईं।
आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन बस के पीछे बनाए गए आपातकालीन द्वार ने बड़ा हादसा होने से बचा लिया। कड़ी मशक्कत के बाद इसी आपातकालीन द्वार से सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ ही देर में पूरी बस, उसमें रखा यात्रियों का सारा सामान और चारे से भरा ट्रेलर जलकर खाक हो गया।
हादसा सेसोमू स्कूल के पास हुआ, जहां आग की भयावहता के चलते करीब दो घंटे तक नेशनल हाईवे को बंद करवाना पड़ा। फायर ब्रिगेड सहित कई संसाधनों की मदद से काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में बस चालक को चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए बीकानेर रेफर किया गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में बेंगलुरु और राजस्थान के बाड़मेर जिले में बसों में आग लगने से यात्रियों के जिंदा जलने की दर्दनाक घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद प्रशासन ने स्लीपर एसी बसों में आपातकालीन द्वार अनिवार्य किया था, जिसका बस संचालकों ने विरोध भी किया था।
इस हादसे को लेकर हेडकांस्टेबल बलवीर काजला ने बताया कि आग लगने के बाद बस पूरी तरह लॉक हो गई थी और उतरने का कोई रास्ता नहीं बचा था। ऐसे में आपातकालीन द्वार से ही सभी यात्रियों को बाहर निकाला जा सका। यदि यह द्वार नहीं होता तो हादसा कहीं ज्यादा जानलेवा साबित हो सकता था। हालांकि, यात्रियों का लाखों रुपये का सामान आग की भेंट चढ़ गया।

