जिला उद्योग संघ चुनाव पर गरमाई सियासत, पारदर्शिता और बदलाव की मांग
Bikaner News Business

जिला उद्योग संघ चुनाव पर गरमाई सियासत, पारदर्शिता और बदलाव की मांग

Mar 18, 2026

 

बीकानेर। जिला उद्योग संघ, बीकानेर के 20 मार्च 2026 को होने वाले चुनाव को लेकर सियासी माहौल तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुशील थिरानी ने रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिद्धि सिद्धि भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में चुनावी प्रक्रिया और संघ की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े किए।

 

 

प्रेस वार्ता में उनके साथ उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी विनोद गोयल, विनोद बाफना तथा बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी मौजूद रहे।

 

 

सुशील थिरानी ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से संचालित नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 17 वर्षों से एक ही व्यक्ति अवैध रूप से पद पर बना हुआ है, जिससे आम उद्योगपतियों की भागीदारी सीमित हो गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दो अलग-अलग मतदाता सूचियां जारी कर मतदाताओं को भ्रमित किया गया, जिससे निष्पक्ष चुनाव पर सवाल उठ रहे हैं। मतदाता सूची में व्यापारियों के मोबाइल नंबर और एड्रेस भी नहीं है ऐसे में इनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है.

 

 

उन्होंने कहा, “व्यापारियों की सेवा करना मेरा मुख्य उद्देश्य है। इसी भावना के साथ मैं चुनाव मैदान में हूं और बीकानेर के औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध हूं।”

 

 

उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी विनोद गोयल ने भी चुनाव प्रक्रिया को संस्था के संविधान के अनुरूप नहीं बताया और इसमें सुधार की आवश्यकता जताई। वहीं विनोद बाफना ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में उद्योग का अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बिजली, परिवहन लागत और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी को प्रमुख बाधा बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि जयपुर और जोधपुर की तुलना में बीकानेर का औद्योगिक विकास धीमा है, जिसे तेज करने की आवश्यकता है।

 

 

इस मौके पर जुगल राठी ने कहा कि जिला उद्योग संघ में वर्षों से चली आ रही व्यक्तिवाद की परंपरा को खत्म कर लोकतांत्रिक व्यवस्था स्थापित करना समय की मांग है। उन्होंने बताया कि एक वर्ष पूर्व न्यायालय के निर्देश पर हुए चुनाव में व्यापारियों ने उन्हें अध्यक्ष चुना और उनकी टीम ने कई समस्याओं का समाधान किया।

 

 

उन्होंने बताया कि पहली बार आयोजित ट्रेड फेयर से छोटे-बड़े व्यापारियों को लाभ मिला, वहीं रेलवे फाटक समस्या के समाधान के लिए “रेलवे फाटक ऐप” विकसित कर आमजन को राहत दी गई।

अंत में जुगल राठी ने सुशील थिरानी और उनकी टीम को समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि अब जिला उद्योग संघ और व्यापार उद्योग मंडल को मिलकर बीकानेर के समग्र औद्योगिक विकास के लिए काम करना चाहिए।