म्हारी प्यारी गणगौर में बिखरे नारी प्रतिभा के रंग, 250 से अधिक महिलाओं ने लिया भाग
Bikaner News Life Style

म्हारी प्यारी गणगौर में बिखरे नारी प्रतिभा के रंग, 250 से अधिक महिलाओं ने लिया भाग

Mar 18, 2026

 

बीकानेर। बीकाजी ग्रुप के सहयोग से फिटनेस योगा स्टूडियो एवं नारी शक्ति संगठन बीकानेर द्वारा आयोजित “म्हारी प्यारी गणगौर” कार्यक्रम में नारी शक्ति का उत्साह और रचनात्मकता पूरे शबाब पर नजर आई। राधा कृष्ण पैलेस में आयोजित इस कार्यक्रम में नन्ही बालिकाओं से लेकर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

 

 

 

दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस आयोजन में महिलाएं पारंपरिक परिधानों में स्वयं गणगौर का स्वरूप धारण कर पहुंचीं। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया और पूरे आयोजन को रंगीन व जीवंत बना दिया।

 

 

 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गणगौर विवाह की रस्मों की प्रस्तुति रही। मंच पर गणगौर पूजन, मेहंदी, हल्दी, विवाह, मायरा और विदाई जैसी पारंपरिक रस्मों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

 

 

विविध प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में सोलो गणगौर वॉक (अंडर-18 एवं 18+ वर्ग) और डुएट वॉक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पूर्वी द्वारा प्रस्तुत भाला-तलवार नृत्य ने विशेष आकर्षण पैदा किया। इसके अलावा गवर-ईश्वर जोड़ी प्रतियोगिता भी दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय रही। कुल 250 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

 

 

निर्णायकों और अतिथियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में अंजू माथुर, राधा माथुर, अन्नू सुथार और अंकुर गुप्ता ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं अतिथि के रूप में अलका डॉली पाठक और सरला सिंघी (श्रीराम पापड़) उपस्थित रहीं।

 

 

इनका हुआ सम्मान

आयोजन के दौरान संतोष अग्रवाल, सरला सिंघी और ज्ञान गोस्वामी का विशेष सम्मान किया गया। साथ ही कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार और जाने-माने उद्घोषक रविंद्र हर्ष को भी सम्मानित किया गया।

 

 

आयोजकों का संदेश

आयोजक पिंकी जैन ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ते हुए उनका आत्मविश्वास बढ़ाना है। वहीं नारी शक्ति संगठन की अध्यक्ष मधु खत्री ने कहा कि गणगौर महिलाओं की आस्था, संस्कृति और सृजनशीलता का प्रतीक है, और ऐसे आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं।

 

 

विजेताओं की सूची

18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में इशिता कंवर प्रथम, मुस्कान द्वितीय और शिखा गुप्ता तृतीय रहीं। 18 वर्ष से कम आयु वर्ग में पूर्वी और दीपिका चंगानी विजेता रहीं।

गणगौर-ईश्वर जोड़ी प्रतियोगिता में हनी माथुर व शिखा गुप्ता तथा परिधि मूंधड़ा व कृष्णवि लोहिया ने जीत हासिल की।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में भीखाराम चांदमल और श्रीराम पापड़ का भी सहयोग रहा।