सामाजिक सरोकार की मिसाल: मीनाक्षी छाबड़ा ने पीबीएम अस्पताल के बाल रोग विभाग के विकास हेतु दिए 11 लाख रुपये

बीकानेर. पीबीएम अस्पताल के शिशु रोग विभाग में शनिवार को एक प्रेरणादायक सामाजिक पहल देखने को मिली, जब भामाशाह श्रीमती मीनाक्षी छाबड़ा ने बच्चों के अस्पताल के विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये का चेक भेंट किया।
सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध इस अस्पताल में छाबड़ा पिछले लगभग 22 वर्षों से सेवा और सहयोग प्रदान करती आ रही हैं। उनके इस योगदान से बाल चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। यह राशि अस्पताल के नवीनीकरण और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार में उपयोग की जाएगी।
छाबड़ा ने बताया कि वे पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. पी. सी. खत्री से प्रेरित होकर इस सेवा कार्य से जुड़ी हुई हैं और निरंतर समाज सेवा के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने यह चेक वर्तमान विभागाध्यक्ष डॉ. जी. एस. तंवर को सौंपा। इस अवसर पर डॉ. खत्री सहित विभाग के अन्य चिकित्सक और स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
डॉ. जी. एस. तंवर ने छाबड़ा परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से न केवल अस्पताल के विकास को गति मिलती है, बल्कि अन्य भामाशाहों को भी समाज सेवा के लिए प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. मुकेश बेनीवाल, डॉ. एम. जी. चौधरी, डॉ. लक्ष्मण सिध, डॉ. इंदिरा चौधरी सहित शिशु रोग विभाग के कई चिकित्सक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। यह पहल समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने का सशक्त उदाहरण है।

