दंतौर की पेयजल समस्या को लेकर अतिरिक्त अभियंता का घेराव, शीघ्र समाधान का आश्वासन
Bikaner News

दंतौर की पेयजल समस्या को लेकर अतिरिक्त अभियंता का घेराव, शीघ्र समाधान का आश्वासन

May 12, 2026

बीकानेर। ग्राम पंचायत दंतौर की पेयजल समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं कृषि उपज मंडी समिति के पूर्व निदेशक रामेश्वरलाल बिश्नोई ने मंगलवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त अभियंता से मुलाकात कर ग्रामीणों की समस्याएं उठाईं। उन्होंने कार्यालय से बाहर निकलते समय अतिरिक्त अभियंता को ज्ञापन सौंपकर पेयजल संकट के शीघ्र समाधान की मांग की।

 

 

रामेश्वरलाल बिश्नोई ने अतिरिक्त अभियंता राजेश राजपुरोहित को बताया कि इन दिनों खाजूवाला क्षेत्र में भीषण पेयजल संकट बना हुआ है। स्थिति यह है कि टैंकर संचालक मनमाने दाम वसूल रहे हैं और ग्रामीणों को एक टैंकर पानी के लिए 600 रुपए तक चुकाने पड़ रहे हैं। गर्मी और नहरबंदी के चलते हालात और गंभीर हो गए हैं, जिससे इंसानों के साथ पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है।

 

 

उन्होंने बताया कि बढ़ती आबादी के बावजूद पुरानी पाइप लाइनों से ही पानी की सप्लाई की जा रही है, जिससे पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही। उन्होंने मांग रखी कि दंतौर के जीएलआर से जगासर रोड की ओर नई पाइप लाइन बिछाकर उसे बाबा रामदेव मंदिर गोगामेड़ी और 8 पीआरएम स्थित जलदाय विभाग की डिग्गी तक जोड़ा जाए, ताकि पानी की सप्लाई सुचारु हो सके।

 

 

बिश्नोई ने बताया कि ग्राम पंचायत दंतौर में जल सप्लाई के लिए लगा पुराना पंप सिस्टम अब पर्याप्त नहीं रह गया है। पहले जहां करीब 400 कनेक्शन थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 1500 से 1800 तक पहुंच गई है। ऐसे में नया और अधिक क्षमता वाला पंप सेट लगाने की आवश्यकता है।

 

 

उन्होंने अतिरिक्त अभियंता का ध्यान पुरानी चक 19 बीएलडी में बने जलाशय की ओर भी आकर्षित किया, जिसकी पिछले पांच वर्षों से विधिवत सफाई नहीं हुई है। इसके कारण ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल नहीं मिल पा रहा। उन्होंने जलाशय की नियमित सफाई करवाने की भी मांग की।

 

 

अतिरिक्त अभियंता राजेश राजपुरोहित ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।