रिश्तों का कत्ल: बेटे ने गंडासे से पिता की हत्या की, ग्रामीणों की मदद से चढ़ा पुलिस के हत्थे
बीकानेर. पांचू थाना क्षेत्र के जांगलू गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने गंडासे से सिर पर वार कर अपने ही पिता की हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने कम्युनिटी पुलिसिंग और ग्रामीणों की सतर्कता के दम पर आरोपी को फरार होने से पहले ही दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार 20 जुलाई को सूचना मिली कि जांगलू गांव में एक युवक ने अपने पिता की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश तथा जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारी लाल और वृत्ताधिकारी नोखा जरनैल सिंह के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई।
घटनास्थल थाना मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर होने के कारण पुलिस ने गांव के जागरूक नागरिकों से तत्काल संपर्क किया और आरोपी के फरार होने से पहले उसे पकड़ने का आग्रह किया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजाराम (32) पुत्र गंगाबिशन, निवासी जांगलू, थाना पांचू के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक गंगाबिशन के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मृतक के भाई मनीराम की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

