लक्ष्मीनाथ जी पार्क में गूंजा ‘हर हर महादेव’, शिव प्रतिमा का रुद्राभिषेक कर फव्वारा फिर शुरू
बीकानेर. लक्ष्मीनाथ जी मंदिर परिसर स्थित गोल पार्क में सोमवार एवं प्रदोष के शुभ अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति की ओर से फव्वारे की सफाई करवाकर उसमें विराजित भगवान शिव की प्रतिमा का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया। इसके साथ ही लंबे समय से बंद पड़े रंग-बिरंगे फव्वारे का संचालन भी दोबारा शुरू किया गया।
समिति के सचिव सीताराम कच्छावा ने बताया कि पंडित रवि व्यास, पंडित बुला महाराज एवं पंडित गोविंद ओझा के सानिध्य में समिति सदस्यों ने दूध, दही, घी, शक्कर, शहद एवं पंचामृत से भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। इसके बाद पूजा-अर्चना और आरती हुई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
रुद्राभिषेक के दौरान पूरा लक्ष्मीनाथ जी पार्क परिसर ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। पूजा-अर्चना के बाद महिला श्रद्धालुओं के हाथों इत्रयुक्त जल से भरे फव्वारे का विधिवत संचालन शुरू करवाया गया। फव्वारा शुरू होते ही पार्क परिसर इत्र की खुशबू से महक उठा।
समिति के अनुसार अब यह फव्वारा प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे और शाम 7 से रात 10 बजे तक संचालित किया जाएगा। इससे पार्क में आने वाले श्रद्धालुओं और शहरवासियों को आकर्षक वातावरण का अनुभव मिलेगा।
कार्यक्रम में महेंद्र सोनी, शिव प्रकाश सोनी, नरेंद्र शर्मा, नरोत्तम आचार्य, मगन सोनी, हनुमंत आसोपा, हरि प्रकाश सोनी, विनायक आचार्य, बाबूलाल सोनी, हेमंत शर्मा, प्रकाश वीर सोनी, किशन लाल सेन, मेघराज सोलंकी, रवि पीती, सागर जोइया, किशन लाल सोनी, बसंत मोदी, प्रेम रतन स्वर्णकार, सुरेश राजपुरोहित, मधु सोनी, अंजू सोनी, निशा पंवार, चंद्रा सोनी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मंदिर एवं पार्क के विकास में सहयोग देने का संकल्प लिया। अंत में समिति सचिव सीताराम कच्छावा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

