भारत-पाक सीमा पर आज से ‘ऑपरेशन अलर्ट’, 17 अगस्त तक हाई अलर्ट, BSF ने बढ़ाई चौकसी
बीकानेर. आगामी स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए भारत-पाकिस्तान सीमा पर आज से ‘ऑपरेशन अलर्ट’ शुरू हो गया है। यह अभियान 17 अगस्त तक चलेगा। इसके तहत पाकिस्तान से लगती राजस्थान की सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
ऑपरेशन अलर्ट के दौरान सीमा क्षेत्र में कड़े सुरक्षा इंतजाम रहेंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के अधिकारी और जवान सीमा चौकियों पर एक साथ मुस्तैद रहेंगे।
सीमा पर अत्याधुनिक हथियारों के साथ निगरानी बढ़ाई जाएगी। खुफिया एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क रहेंगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। BSF मुख्यालय से सीमा चौकियों पर अतिरिक्त मैनपावर भेजे जाने की भी तैयारी है।
ऑपरेशन के दौरान पेट्रोलिंग, खुर्रा चेकिंग और निगरानी अभियान को और तेज किया जाएगा। सीमा से सटे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा होगी। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए BSF और अन्य सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम करेंगी।
सीमा पर तैनात जवानों को हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पाकिस्तान सीमा से सटे संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

