बीकानेर में वीर सावरकर के नाम से होगा सर्किल और मार्ग
बीकानेर. डॉ. करणी सिंह स्टेडियम के पास एम.एन. अस्पताल के सामने वीर सावरकर की प्रतिमा के आगे स्थित सर्किल का नाम अब ‘वीर सावरकर सर्किल’ होगा। इसके साथ ही यहां से करणी भवन के पास स्थित सर्किल तक करीब 1600 मीटर लंबे मार्ग का नाम ‘स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर मार्ग’ रखा जाएगा।
हाल ही में संभागीय आयुक्त बीकानेर की अध्यक्षता में सार्वजनिक स्थानों एवं राष्ट्रीय मार्गों पर प्रतिमाओं, सर्किल और मार्गों के नामकरण को लेकर गठित संभाग स्तरीय समिति की बैठक हुई। बैठक में स्थानीय निकाय विभाग की ओर से प्रस्तुत दोनों प्रस्तावों को विभिन्न विभागों से प्राप्त अनापत्ति और समिति सदस्यों की अनुशंसा के बाद सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।
वीर सावरकर पर्यावरण सेवा समिति के सदस्यों ने सर्किल और मार्ग का नाम वीर सावरकर के नाम पर किए जाने पर संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक और स्थानीय निकाय विभाग का आभार जताया।
समिति के वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, संस्थापक सदस्य एवं पूर्व पार्षद उम्मेद सिंह राजपुरोहित, सचिव मोहित राजपुरोहित, प्रवक्ता मनीष आचार्य, विजय सिंह पड़िहार सहित अन्य सदस्यों ने प्रशासन का धन्यवाद किया।
समिति सदस्यों ने कहा कि इस निर्णय से वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों, विशेषकर युवाओं को देशप्रेम और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी तथा वीर सावरकर के योगदान का लंबे समय तक स्मरण रहेगा।

