पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3,330 नशीली टैबलेट के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर. नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नोखा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3,330 नशीली टैबलेट के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बाइक भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में तथा थानाधिकारी गोविंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। टीम ने नशे की खेप लेकर जा रहे दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने नशीली टैबलेट की सप्लाई और इनके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली टैबलेट कहां से लाई गई थीं और इन्हें आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

