मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर विधायक भाटी सक्रिय, गांव-गांव पहुंचकर कार्यकर्ताओं से किया संवाद
Bikaner News

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर विधायक भाटी सक्रिय, गांव-गांव पहुंचकर कार्यकर्ताओं से किया संवाद

Aug 13, 2026

 

कोलायत. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 14 अगस्त को ग्राम मेघासर आगमन को लेकर कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी तैयारियों में जुटे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से विधायक भाटी पिछले कई दिनों से कोलायत विधानसभा क्षेत्र के गांवों और ढाणियों में पहुंचकर आमजन एवं कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं।

 

 

 

विधायक भाटी ने कोलायत और बज्जू उपखंड क्षेत्र के दर्जनों गांवों में सभाएं एवं कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री के स्वागत एवं आभार कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

 

 

 

भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में कोलायत विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए अभूतपूर्व बजट उपलब्ध कराया है और अनेक विकास कार्यों की सौगात दी है। ऐसे में मुख्यमंत्री का मेघासर आगमन क्षेत्र की जनता के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

 

 

 

उन्होंने कहा कि यह केवल मुख्यमंत्री के स्वागत का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि कोलायत की जनता की ओर से क्षेत्र के विकास के लिए मिले सहयोग और सौगातों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करने का अवसर भी है।

 

 

 

विधायक भाटी ने बताया कि वे लगातार जनसुनवाई, रात्रि चौपाल और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से गांव-गांव और ढाणी-ढाणी पहुंच रहे हैं। इन कार्यक्रमों में आमजन को क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों में हुए विकास कार्यों और सरकार द्वारा स्वीकृत परियोजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही क्षेत्र की आवश्यकताओं और समस्याओं का फीडबैक लेकर उन्हें सरकार तक पहुंचाया जा रहा है।

 

 

 

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कोलायत विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। विधायक के अनुसार प्रत्येक पंचायत स्तर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन मेघासर पहुंचेंगे। इसके लिए करीब 150 बसों और 1,000 से अधिक छोटी गाड़ियों की व्यवस्था की जा रही है। हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी मेघासर पहुंचकर मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन करेंगे तथा क्षेत्र के विकास के लिए मिले सहयोग और बजट के लिए उनका आभार व्यक्त करेंगे।

 

 

 

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि कोलायत की जनता विकास के साथ खड़ी है और मुख्यमंत्री के स्वागत एवं अभिनंदन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह है। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं आमजन से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में मेघासर पहुंचने की अपील की।