अब गांव स्तर पर स्वास्थ्य की निगरानी होगी मजबूत, आरोग्य मित्र-सखी को सौंपी BP मशीन
बीकानेर. ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और बीपी सहित स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की निगरानी गांव स्तर पर ही मजबूत करने की कवायद की जा रही है। आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना (AAGY) के तहत यूनिसेफ प्रतिनिधि डॉ. आदित्य अग्निहोत्री ने गुड़ा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आरोग्य मित्र और आरोग्य सखी को बीपी मापने की मशीन तथा आईडी कार्ड वितरित किए। साथ ही योजना का लाभ ले चुके मरीजों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर फीडबैक भी लिया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष), गुड़ा के प्रभारी डॉ. इरशाद रफीक ने बताया कि डॉ. अग्निहोत्री ने आरोग्य मित्र एवं आरोग्य सखी के साथ बैठक की। उन्होंने आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत गांव में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों और लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच की जानकारी ली।
आरोग्य मित्र और सखी की भूमिका होगी मजबूत
डॉ. अग्निहोत्री ने ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आरोग्य मित्र और आरोग्य सखी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्हें बीपी मापने की मशीन उपलब्ध करवाने के साथ स्वास्थ्य गतिविधियों के संचालन को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। योजना से जुड़ी गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के उपायों पर भी स्टाफ के साथ चर्चा हुई।
पंचायत की भागीदारी पर जोर
डॉ. अग्निहोत्री ने ग्राम सरपंच से चर्चा करते हुए आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के सफल क्रियान्वयन में पंचायत की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने योजना के निर्धारित स्वास्थ्य संकेतकों की पूर्ति के साथ समुदाय को स्वास्थ्य गतिविधियों से जोड़ने और ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
मरीजों से पूछा- स्वास्थ्य सेवाओं से कितना मिला फायदा
दौरे की खास बात यह रही कि डॉ. अग्निहोत्री ने योजना का लाभ लेने वाले मरीजों से सीधे संवाद किया। उन्होंने मरीजों से पूछा कि योजना के तहत उन्हें किस तरह की स्वास्थ्य सेवाएं मिलीं, उपचार और परामर्श से कितना फायदा हुआ तथा सेवाओं की गुणवत्ता कैसी रही।
उन्होंने लाभार्थियों के अनुभवों को सुना और कहा कि ग्रामीणों से मिलने वाला फीडबैक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनोपयोगी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार के साथ समुदाय की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है।
इस दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर के प्रभारी डॉ. इरशाद रफीक सहित स्टाफ के साथ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर कंपाउंडर दिलीप गुर्जर, योग प्रशिक्षक जसवंत सिंह, ग्राम विकास अधिकारी अनिल कड़ेला, एएनएम कविता चौधरी, सीएचओ नलिमा ज्यानी, अध्यापक राजाराम सोनी, जेठाराम, दशरथ सिंह, मांझी खां, मनफूल गर्ग, कालू सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

