बाबा रामदेवजी का सजा दरबार, छप्पन भोग के बाद गूंजे भजन और जयकारे
बीकानेर. भादवे की दूज पर पुरानी गिनानी स्थित धवड़ियों के मोहल्ले में बाबा रामदेवजी का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर में बाबा का विशेष श्रृंगार कर छप्पन भोग अर्पित किया गया। रंग-बिरंगे गुब्बारों और फूलों से सजे मंदिर में आयोजित भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु बाबा की भक्ति में झूमते नजर आए।
मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। विशेष पूजा-अर्चना के दौरान भक्तों ने बाबा रामदेवजी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बाबा के विशेष श्रृंगार की व्यवस्था गोपाल तंवर की ओर से की गई। फूलों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया बाबा का दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।
भादवे की दूज के पावन अवसर पर बाबा रामदेवजी को छप्पन भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद केक काटकर बाबा रामदेवजी का जन्मोत्सव मनाया गया।
मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या में श्रद्धालुओं ने ‘अजमल घर अवतार लियो’ सहित बाबा रामदेवजी के विभिन्न भजनों का गायन किया। भजनों की मधुर प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए और पूरा मंदिर परिसर बाबा रामदेवजी के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंत में बाबा रामदेवजी की महाआरती की गई और श्रद्धालुओं को छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया।

