खेत में कीटनाशक का छिड़काव कर रहे युवक की तबियत बिगड़ी, बेहोश होकर गिरा, फिर हुई मौत
बीकानेर. श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कल्याणसर नया गांव में खेत में कीटनाशक का छिड़काव करते समय एक 20 वर्षीय युवक की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन युवक को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार कल्याणसर नया निवासी 20 वर्षीय अशोक खेत में कीटनाशक का छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर खेत में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
परिजन आनन-फानन में अशोक को लेकर उप जिला अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद कल्याणसर नया गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

