शीतलहर के चलते बीकानेर जिले में कक्षा 8 तक अवकाश, 9 से 12वीं का बदला समय
बीकानेर. बीकानेर जिले में शीतलहर की स्थिति को देखते हुए जिला कलक्टर एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नम्रता वृष्णि ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के मद्देनज़र महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं।
आदेश के अनुसार जिले के समस्त राजकीय एवं गैर राजकीय (निजी), सीबीएसई विद्यालयों, आंगनबाड़ियों एवं मदरसों में कक्षा 8 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए 8 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है।
वहीं कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 8 से 10 जनवरी 2026 तक विद्यालय समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
यह अवकाश आदेश केवल विद्यार्थियों पर ही लागू रहेगा। विद्यालयों के समस्त कार्मिक एवं शिक्षक अपने निर्धारित शाला समयानुसार उपस्थित रहेंगे।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी संस्था प्रधानों को आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित संस्था प्रधान के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

