बॉर्डर से सटे गांव में 500 ग्राम हेरोइन मादक पदार्थ मिला, सुरक्षा एजेंसियां हुई अलर्ट
बीकानेर. पाकिस्तान की ओर से नशीले पदार्थों की तस्करी की नापाक हरकतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अन्तरराष्ट्रीय बॉर्डर से सटे खाजूवाला थाना क्षेत्र में एक बार फिर हेरोइन बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार बॉर्डर के नजदीक 40 केजेडी इलाके में करीब 500 ग्राम हेरोइन मादक पदार्थ मिला है।
सूचना मिलने पर इंटेलिजेंस और बीएसएफ (BSF) की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और हेरोइन को बरामद किया। इसके बाद मामले की जानकारी खाजूवाला पुलिस को दी गई। सूचना पर खाजूवाला पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और बीएसएफ के साथ मिलकर कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान की ओर से भेजी गई है। इलाके में पहले भी ड्रोन गतिविधियों की सूचनाएं मिलती रही हैं, जिसके चलते एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
बरामदगी के बाद रेगिस्तानी क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं आसपास और कोई संदिग्ध वस्तु या मादक पदार्थ तो नहीं छिपाया गया है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि इस तस्करी के पीछे किस नेटवर्क का हाथ है और स्थानीय स्तर पर किसी की संलिप्तता तो नहीं है।

