खेजड़ी बचाओ आंदोलन के बीच खाजूवाला में खेजड़ी पर चली आरी, सड़क निर्माण के दौरान कटे बड़े पेड़

बीकानेर. एक ओर बीकानेर जिले में खेजड़ी बचाओ आंदोलन तेज होता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर खाजूवाला क्षेत्र में खेजड़ी के पेड़ों की कटाई का गंभीर मामला सामने आया है।
अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के नजदीक स्थित 30 केवाईडी गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान खेजड़ी के कई बड़े और पुराने पेड़ों को काटे जाने का आरोप लगाया गया है।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पर्यावरणप्रेमियों का कहना है कि निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार ने बिना अनुमति खेजड़ी के बड़े पेड़ों को कटवा दिया। खेजड़ी राजस्थान की पारिस्थितिकी और ग्रामीण जीवन की रीढ़ मानी जाती है, ऐसे में इसकी कटाई से स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
खेजड़ी कटाई की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। ग्रामीणों ने तत्काल बीकानेर के उच्च प्रशासनिक अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही खाजूवाला तहसीलदार राजकुमारी बिश्नोई टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। वहीं वन विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
प्रशासन द्वारा सड़क निर्माण कार्य, पेड़ कटाई की अनुमति और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। तहसीलदार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जिले में पहले से ही खेजड़ी संरक्षण को लेकर आंदोलन चल रहा है। ऐसे समय में खेजड़ी कटाई की यह घटना जनभावनाओं को आहत करने वाली मानी जा रही है। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है और ग्रामीण कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

