बीकानेर में एसीबी की कार्रवाई, पंचायत के LDC के ठिकानों पर छापा, सोना-चांदी और लाखों की नकदी बरामद
बीकानेर. राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीकानेर में पंचायत विभाग के LDC के ठिकानों पर छापा मारकर भारी मात्रा में संपत्ति बरामद की है। स्थानीय प्रशासनिक महकमे में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई के दौरान करीब 1 किलो सोना, 1 किलो चांदी, लगभग 76 लाख रुपये नकद तथा कई प्लॉटों के दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता के निर्देशन में की गई। पूरी रेड की निगरानी डीआईजी भुवन भूषण यादव कर रहे थे।
टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश देकर संपत्ति का सत्यापन शुरू किया। प्रारंभिक जांच में आय से अधिक संपत्ति के संकेत मिलने पर विस्तृत पड़ताल जारी है।
छापेमारी में एसीबी की कुल पांच टीमें शामिल रहीं। कार्रवाई का नेतृत्व एडिशनल एसपी विनोद कुमार ने किया, जबकि एडी एसपी आशीष कुमार और सीआई इंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी भी सक्रिय रहे।
टीमों ने संदिग्ध दस्तावेज, निवेश संबंधी रिकॉर्ड और संपत्ति के कागजात कब्जे में लेकर जांच के लिए सील किए।
एसीबी अधिकारियों का कहना है कि जब्त किए गए जेवरात और नकदी का मूल्यांकन किया जा रहा है तथा दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति का वास्तविक आकलन किया जाएगा। यदि आय से अधिक संपत्ति की पुष्टि होती है तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि आरोपी कर्मचारी लंबे समय से विभाग में कार्यरत था और उसकी जीवनशैली को लेकर पहले भी चर्चाएं होती रही थीं। एसीबी अब बैंक खातों, निवेश योजनाओं और अन्य संपत्तियों की भी जांच कर रही है, ताकि पूरी संपत्ति का ब्यौरा सामने आ सके।
यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ एजेंसी के सख्त रुख का संकेत मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी पद पर रहते हुए अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

