आवारा कुत्ते के हमले में घायल मासूम का पीबीएम में नि:शुल्क प्लास्टिक सर्जरी से नया जीवन
Bikaner News

आवारा कुत्ते के हमले में घायल मासूम का पीबीएम में नि:शुल्क प्लास्टिक सर्जरी से नया जीवन

Mar 20, 2026

बीकानेर। ऊपनी गांव में आवारा कुत्ते के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए 4 वर्षीय मासूम रामनाथ (रामू) को पीबीएम अस्पताल में नई जिंदगी मिली है। बच्चे के सिर पर गहरे घाव, त्वचा क्षति और हड्डी तक पहुंची चोट के बावजूद चिकित्सकों ने जटिल प्लास्टिक सर्जरी कर उसे स्वस्थ कर दिया।

 

 

 

सरकारी स्कूल में हुए इस दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया था। हमले के बाद बच्चे को तुरंत रेबीज वैक्सीन की तीन डोज दी गईं और फिर सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

 

 

मा योजना के तहत पूरी तरह नि:शुल्क इलाज

इस जटिल सर्जरी को मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना (मा योजना) के अंतर्गत पूरी तरह नि:शुल्क किया गया। प्लास्टिक सर्जन डॉ. अजयपाल चौधरी और उनकी टीम ने अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए ऑपरेशन को सफल बनाया।

 

 

 

डॉ. चौधरी ने बताया कि बच्चे के सिर का बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। ऐसे में एंटीरियर स्कैल्प ट्रांसपोजिशन और पोस्टीरियर स्कैल्प रोटेशन फ्लैप तकनीक अपनाई गई, जिसमें सिर की स्वस्थ त्वचा को स्थानांतरित कर घाव को कवर किया जाता है। इससे न केवल घाव भरता है बल्कि सौंदर्य और कार्यात्मक परिणाम भी बेहतर मिलते हैं।

 

 

 

जटिल सर्जरी के बाद अब पूरी तरह स्थिर

इलाज की प्रक्रिया में पहले रेबीज प्रोटोकॉल पूरा किया गया, उसके बाद घाव की सफाई और अंत में प्लास्टिक सर्जरी की गई। सफल ऑपरेशन के बाद बच्चे की स्थिति में लगातार सुधार हुआ और अब उसे स्वस्थ अवस्था में डिस्चार्ज कर दिया गया है।

 

 

सरकारी अस्पतालों की उन्नत सुविधाओं की मिसाल

यह मामला एक ओर जहां आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या और स्कूल सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है, वहीं दूसरी ओर यह भी दर्शाता है कि सरकारी अस्पतालों में अब उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। पीबीएम अस्पताल के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में इस तरह की जटिल सर्जरी नियमित रूप से की जा रही हैं, जिससे बीकानेर संभाग के मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार मिल रहा है।